करंट लगने से टेंट मजदूर की मौत
देसही देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के भिसवां गांव में सोमवार की रात करंट लगने से टेंट मजदूर की मौत हो गई। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
महुआडीह थानाक्षेत्र के सहवां गांव निवासी विनय कुमार सिंह (20) क्षेत्र के सहोदरपट्टी गांव में अपने मामा के घर रहते थे। भिसवां गांव स्थित टेंट की दुकान पर काम करते थे। भिसवां गांव में ही रात को एक व्यक्ति के घर शादी समारोह था। रात 11 बजे के करीब लाइट ठीक करने के दौरान विनय करंट की चपेट में आ गए। वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें कसया सीएचसी ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही मौत हो गई। मंगलवार की सुबह शव सहवां गांव लाया गया। इकलौते बेटे की मौत से पिता यशवंत सिंह और माता अनिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। यशवंत सिंह ट्रक चालक हैं। इस समय वह गुजरात में हैं। महुआडीह एसआई धर्मेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि सहवां गांव के विनय कुमार सिंह टेंट में मजदूरी का कार्य करते थे। करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।