हत्या की आशंका, परिवार के लोगों ने जमीन के विवाद में हत्या का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
कंचनपुर। तरकुलवा थाना क्षेत्र के परसौनी गांव के महंग टोला गांव निवासी एक वृद्ध का शव सोमवार को घर के पीछे बगीचे में मिलने से सनसनी फैल गई है। परिवार के लोगों ने भूमि की रंजिश में उनकी हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। उधर, इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उधर सोमवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है। परसौनी गांव के महंग टोला निवासी गोपाल गुप्ता (75) पुत्र स्व. शिवमंगल गुप्ता अपनी ससुराल थाना क्षेत्र के तरकुलवा कस्बे में रहते थे। घर पर पट्टीदारों से उनका काफी दिनों से जमीन का विवाद चलता था। वे रविवार देर शाम तरकुलवा से बाजार करके परसौनी के महंग टोला अपने घर आ गए। सोमवार सुबह घर के पीछे बगीचे में उनका शव मिला, उनके गले पर रस्सी के निशान और मुंह से खून निकला था। शव की सूचना पर वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। उनके बेटे अखिलेश, कमलेश और अन्य परिवार के लोगों ने जमीनी विवाद में उनकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
-
रात में पट्टीदारों ने भोजन पर किया था आमंत्रित
गोपाल गुप्ता तरकुलवा कस्बे में अपनी ससुराल में रहते थे। उनके दो बेटे अखिलेश और कमलेश हैं। जबकि चार बेटियों कमलावती, सहोदर, सुदासी व मालती हैं, जिनकी शादी हो चुकी हैं। बड़े बेटे अखिलेश गुप्ता और अन्य परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि उनका पट्टीदारों से काफी दिनों से जमीन का विवाद चल रहा था। उन्हीं लोगों ने रविवार रात उन्हें भोजन के लिए गांव बुलाया था। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। शव के गले पर रस्सी के निशान थे और मुंह से खून आया था। परिजनों ने पुलिस से इस मामले की जांच कर न्याय की गुहार लगाई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की बात सामने आई है। गले पर भी निशान पाया गया है। घरवालों के आरोप को ध्यान में रखकर पुलिस हर पहलू से तस्दीक कर रही है। तहरीर नहीं मिली है।
दिलीप सिंह, थाना प्रभारी, तरकुलवा