देवरिया। शहर के पान मसाला व्यवसायी सतीश चंद्र चौरसिया का शव रविवार की रात उनके घर में पाया गया। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनका शव बाहर निकाला। पत्नी से विवाद के कारण वह घर में अकेले रह रहे थे। शव के तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस देर रात तक पड़ताल में जुटी रही।
शहर के आर्य समाज गली निवासी सतीश चंद्र चौरसिया (37) पान मसाला के होलसेल व्यवसायी थे। रविवार की रात में करीब 11:30 बजे आसपास के लोगों ने सूचना दी कि उनके घर से दुर्गंध आ रही है। सूचना पर सीओ श्रीयश त्रिपाठी सहित काफी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। घर में घुसी पुलिस ने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है और व्यवसायी सतीश का शव सामने फर्श पर पड़ा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, सतीश का उनकी पत्नी से विवाद था और वह घर में अकेले रह रहे थे। पत्नी इकलौते बेटे को लेकर गोरखपुर में रहती हैं। मोहल्ले के लोग उनकी मौत को इस विवाद से भी जोड़कर देख रहे हैं। लोगों ने उनकी हत्या की भी आशंका जताई है। सतीश की मौत की सूचना पाकर पड़ोस में रहने वाले उनके भाई और परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि व्यवसायी का शव मिला है। आशंका है कि शव तीन से चार दिन तक कमरे में पड़ा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।