घर वाले बोले मानसिक रोगी था युवक, पूर्व में भी कर चुका था खुदकुशी का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
भागलपुर। मईल थानाक्षेत्र के भागलपुर पक्का पुल से बृहस्पतिवार की देर शाम एक युवक ने नदी में छलांग लगा दिया था। शुक्रवार को उसका शव सरयू नदी में मिला। घर वाले पुलिस को बताए कि वह मानसिक रोगी था। हालांकि खुदकुशी से पहले युवक ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र मझौलीराज निवासी दीपक श्रीवास्तव ननिहाल भागलपुर में परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। कुछ दिनों से मानसिक तनाव में रहता था। बृहस्पतिवार की शाम को करीब 5:30 भागलपुर पक्का पुल पर साइकिल से युवक पहुंचा और अपनी चप्पल उतारकर नदी में छलांग लगा दी। छोटा भाई राहुल ढूंढते हुए पक्का पुल पर गया तो दीपक का चप्पल देख दहाड़े मारने लगा। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी सतगुरु मिश्रा मछुआरों की मदद से देर रात तक नदी में युवक की तलाश कराए, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार को मईल एसओ और सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शुरू हुई तलाश में 10 बजे युवक का शव नदी में मिला। घर वालों ने पुलिस को बताया कि दीपक कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार था।