- शव मिलने के बाद लगभग 30 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। भटनी-छपरा रेल खंड के मैरवा रेलवे स्टेशन पर रविवार को खड़ी 05149 अप सीवान-गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन के शौचालय में शव मिलने से यात्रियों में दहशत फैल गई। शव मिलने की सूचना पर यात्री बोगी को खाली कर आनन-फानन में दूसरे बोगी में जाकर बैठ गए। ट्रेन लगभग 30 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही।
ट्रेन के गार्ड ने शव की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। उच्चाधिकारी के आदेश पर शव को भटनी जंक्शन पर उतारने का निर्देश मिला. जिसके बाद ट्रेन चली। यहां स्टेशन मास्टर ने शव मिलने की पुष्टि की। थानाध्यक्ष जीआरपी भटनी बृजेश कुमार ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव को उतार कर कानूनी कार्रवाई की गई। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।