कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं अब सीसीटीवी की निगरानी में पढ़ेंगी। विभाग की ओर से विद्यालय के सभी कमरों में सीसीटीवी लगवाने की तैयारी चल रही है। वार्डेन अपनी जगह बैठकर छात्राओं और अध्यापकों के क्रियाकलाप देख सकेंगी। तरकुलवा, सलेमपुर और भागलपुर ब्लॉक छोड़कर शेष 13 विकास खंडों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। गरीब परिवारों के कक्षा छह से आठ तक की छात्राओं को यहां पढ़ाई होती है। जिले में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 1237 छात्राएं पढ़ती हैं। कमरों में छात्राओं को क्या पढ़ाया जा रहा है? यह कक्षा में जाने पर ही पता चल सकता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। विभाग की ओर से सभी कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों की सभी कक्षाओं में सीसीटीवी लगवाने की तैयारी चल रही है। इससे कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं और अध्यापकों की हर गतिविधि कार्यालय में बैठकर टीवी स्क्रीन पर देख लेंगी। विभाग जिम्मेदारों की सोच है कि इससे पठन-पाठन का स्तर सुधरेगा।