सलेमपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कौड़िया काजी गांव में बिक्री की गई जमीन की रकम में पिता से हिस्सा मांगना बहू व बेटे को महंगा पड़ गया। बिक्री की रकम का हिस्सा तो नहीं मिला, लेकिन उसके ससुर ने बहू व बेटे की लाठी डंडे से पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी। चार दिन पहले हुई मारपीट के बाद सोमवार को कोतवाली पुलिस ने पीड़िता अंजलि पत्नी हरिंद्र प्रसाद की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
पीड़िता अंजलि ने तहरीर में कहा है कि उनके ससुर रामकृपाल ने 24 लाख रुपये में जमीन बेची है। रकम दो देवरों को दे दी। उन्होंने अपना हिस्सा मांगा तो वह नहीं दे रहे हैं। मारपीट करते रहते हैं। तीन अगस्त की रात आठ बजे ससुर रामकृपाल व प्रमोद कुमार लाठी डंडा से उन्हें मारने-पीटने लगे तथा पति को भी मारने-पीटने लगे। जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली पुलिस ने रामकृपाल व प्रमोद पर मारपीट व जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया है। कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद