घर के पास फंदे से लटकता मिला किशोरी का शव
गौरीबाजार। जोगिया गांव में शुक्रवार को किशोरी का शव उसके घर के पास बांसवाड़ी में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यहां के संजय चौहान की इंदुपुर चौराहे पर कपड़े तथा रुई धुनाई की दुकान है। भाइयों से बंटवारे के बाद संजय जोगिया गांव में एक महीने से नया मकान बनवा कर रहते हैं। सुबह गिट्टी-बालू लाने गए थे। इसी बीच उनकी तीन लड़कियों में सबसे छोटी बेटी शीतल (15) का शव घर से सटे बांसवाड़ी में लटका देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी गिरिजेश तिवारी ने बताया कि घटना का कारण पता नहीं चल सका है। किशोरी के पिता ने तहरीर दी है मामले की जांच की जा रही है।