नेटवर्क में गड़बड़ी से चार घंटे ठप रहा सीटी स्कैन
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में नेटवर्क में गड़बड़ी के कारण सीटी स्कैन मशीन तकरीबन चार घंटे ठप रही। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों ने दोपहर बाद मोबाइल से जोड़कर किसी तरफ जांच की।
सीटी स्कैन सेंटर पर सुबह कर्मचारी पहुंचे और कार्य शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच इंटरनेट नेटवर्क में गड़बड़ी के कारण जांच शुरू नहीं हो सकी। कंपनी को सूचना दी। कर्मचारी आए तो पता चला कि नेटवर्किंग तार में कहीं फॉल्ट है। इसके बाद कर्मचारी उसे ढूंढने में जुट गए, लेकिन काफी देर के बाद भी नहीं मिला।
उधर, तकरीबन चालीस लोग रजिस्ट्रेशन कराकर नंबर आने का इंतजार कर रहे थे। सीटी स्कैन सेंटर के कर्मचारियों ने मोबाइल से जोड़ कर किसी कार्य शुरू किया। इसके बाद मरीजों को राहत मिली और जांच की गई, लेकिन इसमें दिक्कत आ रही थी। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि नेटवर्क में गड़बड़ी के कारण सीटी स्कैन आई दिक्कत आई थी, लेकिन मरीजों की जांच की गई। खराबी दूर करने के लिए कर्मचारी लगे हैं।
ओपीडी में शुरू हुई ब्लड कलेक्शन सेंटर
देवरिया। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में मरीजों को जांच के लिए ब्लड का सैंपल देने के लिए अब दूरी नहीं तय करनी होगी।
ओपीडी में ही ब्लड सैंपल कलेक्शन के लिए सेंटर स्थापित किया गया है। यहां शनिवार से कार्य शुरू कर दिया गया, लेकिन पहले दिन मरीजों व कर्मचारियों को दिक्कत हुई। अस्पताल में ओपीडी से जांच के लिए ब्लड का सैंपल देने के लिए मरीजों को तकरीबन पांच सौ मीटर की दूरी तय करनी पड़ रही थी, जिससे परेशानी होती थी। इसे देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ओपीडी में ही कलेक्शन सेंटर स्थापित कर दिया है। हड्डी रोग विभाग के सामने एक कमरे को सेंटर बनाया गया है। उसमें एक तरफ रजिस्ट्रेशन व रिपोर्ट के लिए दो कंप्यूटर लगाए गए हैं, जबकि दूसरी तरफ ब्लड का सैंपल लिया जा रहा है। इसी कमरे से होकर मरीजों को दूसरी तरफ आंगन में जाकर लाइन लगाने की व्यवस्था की गई है।
शनिवार को पहले दिन तकरीबन 270 मरीजों के सैंपल लिए गए। मरीजों को दिक्कत हुई। कुछ मरीज पुराने स्थान पर पहुंच गए, जहां से उन्हें लौटना पड़ा। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्रा ने कहा कि ब्लड कलेक्शन सेंटर ओपीडी में शिफ्ट किया गया है। अभी कुछ दिक्कत है। उसके समाधान के लिए व्यवस्था की जा रही है। संवाद