मरीजों को राहत, शाम तक हुई जांच
- फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन जांच दो दिन से ठप थी। मशीन के रिपोर्टिंग सर्वर की खराबी दूर कर बृहस्पतिवार को जांच शुरू हुई। जांच के लिए मरीजों की भीड़ रही। गर्मी के बीच उन्हें डेढ़ से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। शाम तक जांच हुई।
मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे सीटी स्कैन की सुविधा है। इमरजेंसी से मरीज आते हैं और डॉक्टर ओपीडी और वार्ड में भर्ती मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए भेजते हैं। इसमें नस, दर्द, चक्कर आने, दुर्घटना में घायल सहित अन्य मरीज होते हैं। हर रोज 60 से 70 मरीजों की जांच होती है, लेकिन सोमवार की शाम को रिपोर्टिंंग सर्वर में गड़बड़ी आने से जांच ठप हो गई। इससे मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा था। उसे ठीक कर बृहस्पतिवार की सुबह जांच शुरू हुई।
बृहस्पतिवार को मरीजों की भीड़ रही है। करीब 80 मरीजों की जांच की गई। वहीं, दो दिन से मेडिकोलीगल के चक्कर काट रहे सुरक्षा कर्मियों को भी राहत मिली। तरकुलवा के दिग्विजय, बरियारपुर के संजय, भलुअनी की शांति, रुद्रपुर क्षेत्र के रामबुझ आदि ने बताया कि दो दिन से आ रहे थे, लेकिन जांच नहीं हो पा रही थी। बाहर अधिक पैसा लग रहा था।
निजी केंद्रों पर खर्च करने पड़ते हैं 18 से 2500 रुपये
सीटी स्कैन जांच कई तरह की होती है। निजी सेंटरों पर सीटी स्कैन जांच के लिए मरीज को 1800 से 2500 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। जबकि मेडिकल कॉलेज में इसके लिए शुल्क नहीं देना पड़ता है।
कोट
सीटी स्कैन रिपोर्टिंग के सर्वर में तकनीकी दिक्कत ठीक हो गई है। जांच शुरू कर दी गई है। अब परेशान होने की बात नहीं है। हर समय जांच की सुविधा उपलब्ध है।
-डॉ. एचके मिश्रा, सीएमएस