आते वक्त भी झेलीं दिक्कतें, इंतजामकर्ता पर्याप्त वाहनों का नहीं कर पा रहे इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। होली पर्व बीतने के बाद अब बाहर जाने वाले लौटने लगे हैं। इससे बसों एवं ट्रेनों में सवारियां अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा हो गई हैं। रोडवेज ने नई दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है। हालांकि, पर्व मनाकर जा रहे यात्रियों की संख्या के आगे इंतजाम नाकाफी साबित हो रहा है। जगह नहीं मिलने से ट्रेनों में यात्रियों को खड़े़ होकर ही यात्रा करनी पड़ रही है।
होली पर्व मनाने के बाद प्रवासी लोग धीरे-धीरे वापस अपने रोजगार वाले स्थान पर लौटने लगे हैं। बुधवार को ट्रेनों व बसों में आम दिनों की अपेक्षा भीड़ अधिक देखी गई। रोडवेज परिसर में दिल्ली, लखनऊ, कानपुर के यात्री अधिक रहे। वहीं गोरखपुर जाकर ट्रेन पकड़ने वालों की संख्या भी ज्यादा रही। भीड़ बढ़ने से रोडवेज की संचालन व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राकेश पति त्रिपाठी ने बताया कि दिल्ली रूट पर बुधवार को तीन, कानपुर रूट पर 10, लखनऊ पर आठ चलाई गईं। प्रयागराज व वाराणसी के लिए एक-एक बसें रवाना हुईं। निगम की कुल 44 बसें ऑनरोड रहीं जबकि अनुबंधित बसों को लोकल रूटों पर चलाया गया।
होली दो दिन पड़ने से प्रभावित हुई आय
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मो. इरफान ने बताया कि 25 व 26 मार्च को दो दिन होली पड़ने से रोडवेज की आय प्रभावित हुई है। 25 मार्च को जहां 8.14 लाख तो 26 मार्च को केवल 4.27 लाख रुपये की आय हुई। जबकि डिपो की एक दिन की औसत आय 22 लाख प्रतिदिन है। 25 मार्च को 128 में 58 बसें एवं 26 मार्च को 65 बसें ऑनरोड रहीं।
दिल्ली, मुंबई, लुधियाना की ट्रेनों में दिख रही ज्यादा भीड़
बाहर रहकर कमाने वाले लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। दिल्ली, मुंबई, अमृतसर, लुधियाना जाने वाले अब पुन: दिक्कत झेल रहे हैं। जिन्होंने पहले से ट्रेनों में बुकिंग करा रखी है वह तो अपनी जगह पर पहुंच जा रहे हैं। लेकिन साधारण किराए वाली बोगी में यात्रा करने वालों को बोगी में खड़े होकर यात्रा करने को विवश हैं। बुधवार की दोपहर 2:30 बजे सदर रेलवे स्टेशन परिसर। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर गोरखपुर- हटिया मौर्य एक्सप्रेस आकर खड़ी होती है। इस ट्रेन में गोरखपुर जाने वालों की संख्या अधिक रही। 2:45 बजे जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर तीन पर आकर खड़ी हुईं। ट्रेन के जनरल डिब्बे में यात्रियों की भीड़ के आगे अन्य को चढ़ पाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। बिहार के ही यात्रियों से यह ट्रेन फुल दिखी। ऐसे में अन्य यात्री चढ़ने के लिए मशक्कत करते रहे। पहले से ही चढ़े कुछ यात्री बोगी के दरवाजे के पास ही बैठे हुए थे, इससे अन्य यात्री बोगियों में नहीं चढ़ पाए।
लुधियाना जा रहे बघौचघाट क्षेत्र के राकेश कुशवाहा, मनोहर शर्मा ने बताया कि तीन माह पहले ही आने और जाने का टिकट करा लिया था। आरक्षित बोगी में केवल बैठने की जगह ही मिल पाई है। देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक इमामुद्दीन अंसारी ने बताया कि अब बाहर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ दिख रही है। दिल्ली, मुंबई, लुधियाना, अमृतसर, ग्वालियर, लखनऊ, कानपुर जाने वाली ट्रेनों में ज्यादा यात्री आ रहे हैं।
कोट
होली मनाकर जाने वाले अब ट्रेनों में अधिक दिख रहे हैं। इससे लगातार बोगियों में गश्त की जा रही है। यात्रियों को चढ़ने में दिक्कत न हो, इसके लिए रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के खड़े होने पर व्यवस्था बनाई जाती है।
-आस मोहम्मद, आरपीएफ इंस्पेक्टर देवरिया सदर