हत्या तो बस बहाना था, पड़ोसियों को फंसाना था
दो लोग बच निकले, झांसे में आया श्रीकांत, हत्यारोपी के पंजाब के पड़ोसी थे निशाने पर
जेल जाते वक्त दिनेश के चेहरे पर नहीं था खौफ
करज गांव के श्रीकांत की हुई थी चिउरहा में हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। पड़ोसियों को फंसाने के लिए एक बदमाश ने श्रीकांत की हत्या की थी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। हत्यारोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी घटनास्थल के पास से बरामद कर लिया।
सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि श्रीकांत हत्याकांड के पर्दाफाश के लिए पुलिस काफी समय से सक्रिय थी। महुआडीह एसओ डॉ. महेंद्र कुमार को क्षेत्र के खड़ाइच मोड़ के पास एक अपराधी के होने की जानकारी मिली। पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में बाइक सवार शख्स को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम दिनेश कुमार यादव धर्मपुर, थाना हरैया, जिला बलरामपुर, आशियाना कॉलोनी बताया। थाना पर लाकर कड़ाई से पूछताछ में उसने 27 जून की रात को कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के करज गांव के रहने वाले श्रीकांत प्रसाद की हत्या महुआडीह थानाक्षेत्र के चिउरहा गांव के पास करने की बात स्वीकार कर ली। बताया कि शव के पास पड़ा पुलिस को संबोधित नोट और एसपी के ह्वाट्सएप पर भेजा पत्र भी उसने ही हत्या के बाद लिखकर मृतक का अंगूठा लगा लिया था।
हत्यारोपी ने पुलिस को बताया कि वह हत्या में अकेले रहा। क्षेत्र के तीन गांवों के लोग पंजाब में उसके पड़ोसी हैं। उनसे उसका विवाद था। इसलिए उन्हें फंसाने के लिए उसने हत्या कर शव के पास उन तीनों लोगों का नाम व पता लिखकर छोड़ दिया। बताया कि श्रीकांत से उसका कोई परिचय नहीं था।
उस दिन रामपुर गौनरिया में शराब भट्ठी का पता पूछने के नाम पर श्रीकांत से परिचय हो गया। पीने के लिए वह झांसे में आ गया। किसी को मार कर उन तीनों लोगों को फंसाना था, इसलिए उसकी हत्या कर पत्र वहां छोड़ गया। अंगूठा भी लगा दिया। ताकि जांच में पता चले कि अपने आखिरी समय में श्रीकांत ने ही लिखा था।
उसने यह भी बताया कि वह पंजाब में पटरी पर ठेला लगाकर कपड़ा बेचता था। रात को ट्रेन में जहरखुरानी का काम करता था। उसके नाम पर विभिन्न जनपदों व थानों में हत्या सहित कुल 16 गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। वह कई बार जेल जा चुका है। उसके चेहरे पर हंसी देखकर वह बेखौफ लग रहा था। उसके पास से एक बाइक, तीन मोबाइल, कुछ नकद, निर्वाचन और नशा का पाउडर भी बरामद हुआ। गौरीबाजार थानाक्षेत्र में उसकी ससुराल है।