नगर के ओवरब्रिज पर एक बाइक पर सवार दो युवकों को सामने से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। सिवान, गुठनी थाना क्षेत्र के सोहगरा निवासी बंगाली गुप्ता का 20 वर्षीय बेटा चिंटू अपने रिश्तेदार सेमाटार निवासी दिलीप (18) के साथ शनिवार को एक बाइक से सलेमपुर किसी काम से आया था। काम निपटाने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। शाम करीब पांच बजे अभी दोनों नगर के ओवरब्रिज पर पहुंचे थे कि सामने से तेज रफ्तार से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी। बाइक चला रहे चिंटू की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा दिलीप कुछ दूर जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी ओवरब्रिज पर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर रामअवतार ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।