भटनी-वाराणसी रेल खंड पर मंगलवार को ट्रेन से कटकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मजदूर की मौत के बाद घर वालों में कोहराम मच गया।कोतवाली क्षेत्र के तिलौली गांव निवासी गोपाल कुशवाहा 45 गांव के पूरब तरफ तरफ सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से शौच करने के लिए गया था। शौच के बाद रेलवे लाइन पार करते समय वह भटनी से वाराणसी जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। यह देख गांव के लोग शोर करते हुए उधर दौड़ पड़े। मजदूर की मौत के बाद परिवार के सदस्य बदहवाश हो गए। वह घर का अकेला कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। गांव वालों ने प्रशासन से मजदूर के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इसके पूर्व भी इस स्थान पर कई लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी है। इस बाबत इंस्पेक्टर रातअवतार यादव ने बताया कि मजदूर की लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है।