बघौचघाट/सलेमपुर। देवरिया में महिला और एक बच्ची के साथ हैवानियत सामने आई है। मानसिक रुप से बीमार महिला के साथ गांव के दो युवकों ने गैंगरेप किया। सलेमपुर में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
एसपी के निर्देश पर सलेमपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज करना पड़ा है। पुलिस ने बघौचघाट क्षेत्र के महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है। बघौचघाट थानाक्षेत्र के एक गांव में सोमवार की शाम महिला सड़क पर टहल रही थी। गांव के बाहर उसे अकेली देखकर दो युवकों ने घेर लिया। दोनों युवक जबरदस्ती खेत की तरफ ले गए। आरोप है कि दोनों ने मानसिक रुप से बीमार महिला के साथ गैंगरेप किया।
इसी बीच खेत में मौजूद एक अन्य लड़के ने युवकों की हरकत को देख लिया। शोर मचाने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग गए। गांव के लोग पीड़ित महिला को लेकर थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर बघौचघाट माधव द्विवेदी ने बताया कि महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं है। शादी के बाद ससुराल वालों ने उसे छोड़ दिया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और एससीएसटी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला का मेडिकल कराया जा चुका है। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक बच्ची अपने दरवाजे पर आठ जुलाई को दो बजे के करीब खेल रही थी। बच्ची को अकेला देख पड़ोस के एक युवक की नीयत बिगड़ गई।
आरोपी ने उसे गोद लेकर पुचकारते हुए अपने घर उठा ले गया। युवक ने बच्ची के साथ दुराचार किया। इसकी जानकारी देर शाम को घरवालों को हुई। पीड़ित ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद पीड़ित महिला बच्ची के साथ एसपी प्रभाकर चौधरी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने गांव के आरोपी सोनू के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज किया है। इस बाबत प्रभारी कोतवाल अशोक यादव ने बताया कि मारपीट की सूचना पर आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया था, बाद में रेप का केस दर्ज किया गया है।