इमरजेंसी ड्यूटी में कर्मचारियों के साथ मारपीट का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। इससे आजिज आकर एक वार्ड ब्वाॅय ने इमरजेंसी ड्यूटी करने से इंकार कर दिया है। बार-बार मारपीट की वारदात होने से स्वास्थकर्मी सहमे हुए हैं।
सीएचसी के इमरजेंसी में अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र सिंह और वार्ड ब्वाय नदीम की बृहस्पतिवार की रात में ड्यूटी थी। आधी रात को बाइक सवार कुछ युवक पहुंचे और वार्ड ब्वाय से उलझ गए। वार्ड ब्याय ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अपने आवास पर थे। वार्ड ब्वाय ने इसकी जानकारी डॉक्टर को दी। डॉक्टर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।लेकिन मारपीट करने वाले युवक वहां से फरार हो चुके थे।
बताते चलें कि इसके पूर्व भी अस्पताल में कई बार कर्मचारियों के साथ मारपीट हो चुकी है। रात में सुरक्षा के लिए अधीक्षक ने एसपी और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से पुलिस की तैनात की मांग भी की थी। बावजूद इसके अभी तक इमरजेंसी ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई।
वार्ड ब्वाॅय नदीम ने इमरजेंसी ड्यूटी नहीं करने के लिए प्रार्थना पत्र अधीक्षक को दिया है। सीएचसी के अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की तैनाती की मांग कई बार की गई। लेकिन आज तक इस पर अफसरों ने ध्यान नहीं दिया।