राशन बांटने को लेकर मंगलवार को कस्बे में हुए बवाल का वीडियो वायरल हो गया है। तीन मिनट के इस वीडियो में हिंदू वादी संगठन से जुड़े लोग राशन कारोबारी जुगुल किशोर को पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद से ऐसे कई लोगों के घटना में शामिल होने की पुष्टि हो रही है जो पुलिस के सामने खुद को निर्दोष बता रहे थे।
पुलिस वीडियो के माध्यम से अज्ञात लोगों के पहचान किए जाने का दावा कर रही है। हालांकि जांच अभी शुरू नहीं हो पाई है। बीते मंगलवार को भागलपुर कस्बा निवासी जुगुल किशोर जायसवाल, रामपुर कारखाना कस्बे में थोक केंद्रीय उपभोक्ता भंडार पर कर्मचारियों के साथ खाद्यान्न का वितरण करा रहे थे। कुछ लोग पहुंचे और राशन की मांग करने लगे। दुकानदार ने सूची में नाम नहीं होने का हवाला दिया। आरोप है कि इसी बीच हियुवा संयोजक और चेयरमैन पुत्र सतीश वर्मा, विनय मद्धेशिया, अरुण कुमार जायसवाल, सुजीत कुमार, राकेश जायसवाल और बैजनाथ के बेटे करीब चालीस लोगों के साथ दुकान पर पहुंचे और कारोबारी जुगुल किशोर को बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया।
इसी बीच किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। मामला शांत होने के बाद इसे सोशल मीडिया पर भेज दिया गया। वीडियो के वायरल होते ही आरोपियों के बीच खलबली मच गई। पुलिस ने भी वीडियो की पड़ताल शुरू कर दी है। एसओ मृत्युंजय पाठक ने बताया कि वीडियो से आरोपियों की पहचान आसानी से हो जाएगी। घटना में चालीस लोग अज्ञात हैं। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, मारपीट के बाद घायल कारोबारी का इलाज पीजीआई लखनऊ में चल रहा है। दुकान बंद होने से लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है जिससे लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं।