सलेमपुर। दूसरे की जगह पर फोटो बदलकर परीक्षा दे रहे दो परीक्षार्थियों को गोरखपुर यूनिवर्सिटी की केंद्रीय टीम के संयोजक ने पकड़ लिया। इससे कॉलेज में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
इसमें एक युवक आजमगढ़ में तैनात सिपाही की जगह परीक्षा दे रहा था। गोरखपुर विश्वविद्यालय की चल रही परीक्षा में सख्ती के बाद नकलची आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। बागेश्वरी शिक्षण संस्थान महाविद्यालय मईल मेें सुबह की पाली में गुरुवार को बीए तृतीय वर्ष का हिंदी का तृतीय प्रश्न पत्र का परीक्षा चल रहा था। इसी बीच गोरखपुर विश्वविद्यालय की ओर से गठित केंद्रीय टीम के संयोजक डॉ. मनोज श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम पहुंच गई।
कक्ष संख्या पांच में लार बाजार के रितेश मद्घेशिया की जगह पर लार नगर के पिपरा चौराहा निवासी अवनीश कुमार और लखनऊ के कैंट थाना के हिम सिटी निवासी शैलेश वाजपेयी की जगह पर लार थाना क्षेत्र के रिक्शा गांव निवासी सुधीर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। दोनों जालसाज फोटो बदलकर परीक्षा दे रहे थे। इसकी जानकारी कॉलेज प्रशासन को नहीं हो सकी।
विश्वविद्यालय के केंद्रीय टीम की जांच में जानकारी हुई कि लार का रहने वाला रितेश मद्घेशिया सिपाही है। इसकी तैनाती आजमगढ़ में है। केंद्राध्यक्ष देवेश नारायण शुक्ल ने पुुलिस को तहरीर दी है। मईल एसओ अजय ओझा ने बताया कि दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर प्राप्त हुई है।