ट्रेनों में यात्रियों को जहरखुरानी का शिकार बनाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को जीआरपी ने सोमवार को गिरफ्तार किया। इनके पास से नशीला पाउडर, चोरी का मोबाइल और नगदी रुपये बरामद हुआ है। इसमें एक बिहार का बर्खास्त सिपाही भी शामिल है जो टीम का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। जीआरपी ने सोमवार को गिरफ्तार हुए दोनों जहरखुरानों जेल भेज दिया।सफर के दौरान यात्रियों को जहरखुरानी का शिकार बना लूटने वाले जहरखुरानों की सक्रियता ट्रेनों में बढ़ गई है। रविवार की देर शाम जीआरपी भटनी के जवानों ने भाटपाररानी रेलवे स्टेशन से दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान दोनों पास से नशीला पाउडर,एक मोबाइल और करीब दो हजार रुपये मिला। छानबीन में बरामद हुआ मोबाइल चोरी का निकला और जानकारी हुई कि दोनों शातिर जहरखुरान हैं। ये छपरा से गोरखपुर रूट की ट्रेनों में चोरी और यात्रियों को जहरखुरानी का शिकार बनाते है। जीआरपी ने इनकी पहचान सीवान जिले के टाउन थाना क्षेत्र के पुरानी किला निवासी वशी अहमद और सहरसा जिले सलिंदाबाद निवासी अब्दुल शहीद के रूप में की। इसमें वशी अहमद बिहार पुलिस का बर्खास्त सिपाही है जो खाकी पैंट पहनकर ट्रेनों में वारदात को लंबे समय से अंजाम देता है। जहरखुरानी टीम में शामिल आठ और सदस्यों को नाम वशी अहमद ने जीआरपी को बताया है जो हाजीपुर और गोपालगंज जिले के रहने वाले है। जीआरपी का दावा है कि देवरिया और भटनी स्टेशन के बीच कुछ दिन पूर्व ट्रेनों में हुई दो चोरियों को भी जहरखुरानों ने कबूला है।