पूर्वोत्तर रेलवे की सीआईबी टीम ने सदर रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर आरक्षित टिकट दलाली के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
सदर रेलवे स्टेशन पर तत्काल आरक्षण सेवा में हो रहे खेल को रोकने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के क्राइम इंवेस्टीगेशन ब्यूरो की सात सदस्यीय टीम ने छापेमारी की। टीम ने तीन दलालों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 11 रेल टिकट और 25000 रुपये भी बरामद किया है। छापेमारी से दलालों में हड़कंप मच गया। यदि मामले की जांच सख्ती से की जाए तो कई रेल कर्मचारियों के शामिल होने का भंडाफोड़ हो सकता है।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीआईबी गोरखपुर के इंस्पेक्टर शहनवाज हुसैन के नेतृत्व में टीम ने सुबह आठ बजे से ही सदर रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर की रेकी शुरू कर दी थी। काउंटर पर दलालों के टिकट बुक कराने के दौरान टीम ने उन्हें दबोच लिया। उनके पास से दो तत्काल टिकट, तीन वेटिंग टिकट और तीन कंफर्म टिकट बरामद किया। इसके अलावा आरक्षित तीन पुराने टिकट भी बरामद किए गए।
पकड़े गए आरोपियों में अबूबकर नगर मोहल्ले का जमशेद आलम, सोमनाथ मंदिर रोड निवासी विकास गुप्ता और संतोष जायसवाल बताया जा रहा है। टीम ने पकड़े गए युवकों और बरामद सामानों को आरपीएफ पोस्ट के हवाले कर दिया। आरपीएफ पोस्ट के एसआई संदीप भारती ने बताया कि तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो गया है। उन्हें वाराणसी भेजा जाएगा।