छेड़खानी के विरोध में सड़क जाम करने वालों पर केस दर्ज हुआ है। थानाध्यक्ष परमाशंकर यादव की तहरीर पर छह नामजद सहित बीस अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हालांकि छात्रा से छेड़खानी का आरोपी प्रिंसिपल पुलिस की पकड़ से दूर है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने, और उल्टे सड़क जाम में केस दर्ज किए जाने से इलाके के लोग गुस्सा है। सुरक्षा को देेखते हुए दूसरे दिन भी बरहज में पीएसी तैनात रही। उधर आरोपी प्रिंसिपल के कोर्ट में सरेंडर की संभावना जताई जा रही है। बरहज नगर की एक शिक्षण संस्था में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल के प्रिंसिपल ने छेड़खानी की थी। बुधवार को छेड़खानी के विरोध में और प्रिंसिपल पर कार्रवाई को लेकर इलाके के सैकड़ों लोगों ने बरहज थाने का घेराव किया और सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। एसओ की तहरीर पर मदनपुर के समोगर निवासी जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि अखंड प्रताप सिंह, सतीश यादव प्रधान प्रतिनिधि, भोला सिंह, अभिमन्यु सिंह, विनोद, लालबाबू सहित बीस के खिलाफ सड़क जाम, सरकारी काम में बांधा डालने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पुलिस छेड़खानी के आरोपी को छोड़कर सड़क जाम करने वालों की गिरफ्तारी में जुट गई है। पुलिस के इस रवैए से इलाके के लोगों में काफी नाराजगी है।