कोटे की दुकान पर केरोसिन लाने गए युवक पर रविवार को एक शख्स ने रॉड से हमला कर दिया। इससे वहां मौजूद गांव वालों में अफरा तफरी मच गई। हमले में युवक का सिर गंभीर रूप से फट गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।कोतवाली क्षेत्र के कल्याणी गांव निवासी पिंटू श्रीवास्तव के दरवाजे पर कोटेदार केरोसिन वितरण कर रहा था। गांव का रहने वाला पप्पू गोड़ भी केरोसिन लाने गया था। किसी बात को लेकर गांव के एक शख्स से कहासुनी हो गई। लोग अभी कुछ समझ पाते कि शख्स रॉड से पप्पू गोड़ के सिर पर हमला कर दिया। इससे कोटे की दुकान पर भगदड़ मच गई। खून से लथपथ घायल युवक को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। गांव वालों के अनुसार पूर्व में हुए विवाद को लेकर यह विवाद हुआ है। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत इंस्पेक्टर रामअवतार यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इसकी जांच कराई जा रही है।