नमाज पढ़कर घर जा रहे एक रोजेदार पर कुछ लोगों ने रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोजेदार को लोगों ने लार सीएचसी पर पहुुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आई हैं।
लार नगर के चौक मोहल्ला निवासी कयामुदीन उर्फ छोटू (17) सोमवार की रात करीब नौ बजे कसाई मोहल्ला की मस्जिद से नमाज पढ़कर घर जा रहा था। पुरानी रंजिश में रोजेदार को रास्ते में घेरकर कुछ लोग पीटने लगे। इस दौरान किसी ने उसके चेहरे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। चोट लगने के बाद रोजेदार बेहोश हो गया। घर वालों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। नाक पर गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया।
मामले में दूसरे पक्ष के लोगों ने भी मारने-पीटने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष के लोगों ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत एसओ अंशुमान यदुवंशी ने बताया कि एक पक्ष से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।