देवरिया। सदर कोतवाली के अहिल्यापुर गांव में एक युवक ने पारिवारिक कलह में फांसी लगाकर जान दे दी। भाई को चाय देने पहुंची बहन को जानकारी हुई तो परिवार में कोहराम मच गया। युवक की पत्नी उस समय मायके गई थी। गांव के चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
अहिल्यापुर गांव निवासी श्यामा 35 पुत्र शिवशंकर रोज की तरह रविवार की रात में भी घर में सोया था। बताया जा रहा है कि इस समय परिवार में कुछ विवाद चल रहा है। इसको लेकर श्यामा तनाव में रहता था। रविवार की रात को किसी समय उसने रोशनदान से गमछा बांधकर फांसी लगा लिया। इस बात की जानकारी परिवारवालों को सोमवार की सुबह उस वक्त हुई जब बहन सीमा उसके लिए चाय लेकर गई। बहन के चिल्लाने पर परिवार के लोग दौड़कर पहुंचे। गांववाले भी जुट गए। गांव के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी सरिता बेटी सुकन्या और बेटे को लेकर मायके गई थी। जानकारी होने पर वह भी अहिल्यापुर आई। सदर कोतवाल प्रभातेष श्रीवास्तव का कहना है कि युवक ने पारिवारिक कलह में जान दी है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।