पैना ईंट-भठ्ठे पर मुंशी छोटेलाल की हत्या के बारे में भठ्ठा मालिक से पूछताछ करते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
पैना। बरहज के नवादा ईंट-भटठे के मुंशी की शुक्रवार की रात हत्या कर दी गई। रॉड से सिर पर प्रहार किया गया था। हत्यारे कार्यालय में रखा 65 हजार रुपये भी लूट ले गए। सूचना मिलने के बाद सीओ बरहज और एसपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। भट्ठा मालिक से घटना के बारे में पूछताछ की गई। पैना गांव के जीतेंद्र सिंह का सतरावं मार्ग पर नवादा गांव में ईंट-भट्ठा है।
बरहज के नंदना वार्ड पूर्वी के रहने वाले 57 वर्षीय छोटेलाल जायसवाल ईंट-भट्ठे पर मुंशी थे। वह भंडारी का भी कार्य करते थे। छोटेलाल रात को भट्ठे पर ही सोते थे। रोज की तरह शुक्रवार की रात को वह सोए थे। रात के किसी समय बदमाशों ने उसके सिर पर रॉड से वार कर मार डाला। बिस्तर पर काफी खून बिखरा था। हत्यारों ने मजदूरों को देने के लिए कार्यालय की आलमारी में रखा 65 हजार रुपये लूट ले गए।
सुबह एक व्यक्ति ने शव देखा तो भट्ठा मालिक को सूचना दी। जीतेंद्र सिंह ने एसओ बरहज और छोटेलाल के परिवारवालों को सूचना दी। एक घंटे के बाद एसओ मयफोर्स पहुंचे। छानबीन में घटनास्थल पर ट्रैक्टर का पाना मिला। यह दो इंच मोटा और डेढ़ फीट लंबा था। 11:30 बजे एसपी मोहम्मद इमरान, एसओजी प्रभारी अनिल यादव, राहुल सिंह, मनीष दुबे घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने बारीकी से मुआयना किया और जीतेंद्र सिंह से कई तरह की जानकारी हासिल की।
छोटेलाल करीब पांच वर्ष से जीतेंद्र सिंह के भट्ठे पर काम करते थे। एसपी मोहम्मद इमरान ने बताया कि हत्या की वजह तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। देर सांय नाराज लोगों ने छोटेलाल का शव रख कर बरहज चौराहे पर जाम लगा दिया।