देवरिया। विवादित जमीन खरीदने और बेचने के मामले में पूर्व सांसद और देवरिया सदर विधायक के परिवार के लोग फंस गए हैं। कोर्ट ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाया है।
पूर्व सांसद गोरख प्रसाद जायसवाल के बेटे गनपति, पुत्रवधू रंजीता और सदर विधायक जन्मेजय सिंह के बेटे अजय प्रताप सिंह को 15 अगस्त को तलब करते हुए समन जारी किया है। मामला शहर के देवरिया खास स्थित जमीन के खरीद फरोख्त का है। पूर्व सांसद गोरख प्रसाद जायसवाल की पुत्रवधू रंजीता जायसवाल पत्नी गनपति जायसवाल ने इस विवादित जमीन को खरीदा और बाद में विधायक जन्मेजय सिंह के बेटे अजय प्रताप सिंह को बेच दिया।
इस जमीन का प्रकरण हाईकोर्ट में भी चला। जिसकी पैरवी रंजीता के पति गनपति जायसवाल ने किया। देवरिया खास के ढ़ोढ़ा पुत्र गरीब ने अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन कक्ष संख्या 24 के कोर्ट में 156 (3) के तहत वाद दाखिल कर मुकदमा विचाराधीन होने के बावजूद जमीन खरीदने और बेचने का आरोप लगाया। साथ ही पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं करने से कोर्ट को अवगत कराया।
कोर्ट ने पत्रावली और वादी के बयान के साक्ष्यों का अवलोकन किया।
जिसमें पाया कि रंजीता और गनपति जायसवाल, देवगांव निवासी अजय प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला प्रतीत होता है। विधायक जन्मेजय सिंह ने बताया कि उनके बेटे ने रुपये देकर जमीन का बैनामा कराया है। कोर्ट की तरफ से समन जारी करने की जानकारी नहीं है।