पांच दिन पूर्व गायब व्यक्ति की लाश नहीं मिलने से गुस्साए लोगों ने पैना गांव के सामने चार घंटे तक सलेमपुर-बरहज मार्ग जाम रखा। शव बरामदगी को लेकर परिवारवालों और सीओ के बीच नोकझोंक हुई। सीओ ने 24 घंटे के भीतर शव बरामदगी का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।इस मामले में बरहज पुलिस ने गायब व्यक्ति के चाचा की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। बरहज, पैना के कौशल पांडेय (47 ) पांच दिन पूर्व गांव के मुरारी यादव और धर्मेंद्र सिंह के साथ सरयू नदी के किनारे गए थे। उसके बाद से कौशल पांडेय का पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस ने तीन दिन तक जाल डलवाकर शव की तलाश भी की। नदी किनारे से पुलिस ने कौशल पांडेय की शर्ट-पैंट, इनर, शाल, जाकेट बरामद किया। परिवारवालों ने गांव के दोनों लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में केस भी दर्ज कर लिया लेकिन शव बरामदगी न होने से नाराज परिवारवाले और गांववाले सुबह 9:30 बजे गांव के सामने सड़क पर उतर आए। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। जाम की सूचना पर एसडीएम गिरिजेश चौधरी, सीओ सुधीर शर्मा पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान परिवारवालों से सीओ की नोकझोंक भी हुई। लोगों के गुस्से को देखते हुए कई थानों की पुलिस आ गई। अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर शव बरामदगी का आश्वासन दिया। अधिकारियों के मान मनौव्वल के बाद लोग दोपहर बाद 1:30 बजे माने और सड़क जाम समाप्त किया। एसओ ने बताया कि गायब व्यक्ति के चाचा हरिशंकर पांडेय की तहरीर पर मुरारी और धर्मेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मुरारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।