कच्ची शराब के खिलाफ महिलाएं उग्र।
लार में ईंट भट्ठे पर कच्ची शराब के अवैध कारोबार पर रोक न लगने से नाराज महिलाओं का गुस्सा बृहस्पतिवार को फूट पड़ा। महिलाओं ने 100 लीटर कच्ची शराब और जमीन के अंदर गाड़कर रखे गए लहन को बाहर निकाल नष्ट कर दिया। इस बीच महिलाओं का उग्र तेवर देख कच्ची शराब के धंधेबाज मौके से भाग निकले। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शराब बनाने वाले उपकरण को कब्जे में ले लिया।
नगर के पिपरा वार्ड के पकड़ी टोला के एक ईंट भट्ठे पर लंबे समय से कच्ची शराब बनाने और बेचने का धंधा चल रहा है। मोहल्ले वालों ने इसकी शिकायत कई बार पुलिस से की। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिली भगत से यह खेल चल रहा है। इससे तंग आकर पकड़ी टोला की महिलाओं और युवकों सुबह करीब सात बजे लाठी ठंडा लेकर ईंट भट्ठा पर धावा बोल दिया।
लोगों की भीड़ को ईंट भट्ठे की ओर आता देख शराब बनाने वाले मजदूर आवास छोड़कर फरार हो गए। महिलाओं ने मजदूरों के आवास से करीब 100 लीटर कच्ची शराब और जमीन के अंदर गाड़े गए लहन को बाहर निकाल नष्ट कर दिया। कुछ देर बाद मयफोर्स के साथ पहुंचे नगर चौकी इंचार्ज सुदेश शर्मा ने शराब बनाने का उपकरण कब्जे में लिया। इस बाबत एसओ विनोद यादव ने बताया कि शराब और उपकरण बरामद किया गया है। भट्ठे पर कोई नहीं मिला। इसकी वजह से कार्रवाई नहीं हुई।