अनुबंधित बस ने फल विक्रेता और एक राहगीर को टक्कर मार दी। इसमें राहगीर की मौत हो गई, जबकि फल विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। कई अन्य बाल-बाल बच गए और एक गुमटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक और कंडक्टर बस छोड़कर फरार हो गए। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने बस को तोड़ दिया। पुलिस ने लोगों को शांत करा बस को कब्जे में ले लिया और लाश को पीएम के लिए भेज दिया। देवरिया डिपो की अनुबंधित बस यूपी 52 टी 1516 की सवारी लेकर शाम करीब चार बजे लार पुलिस चौकी के समीप पहुंची। सवारी भरी बस को लेकर चालक 4.30 देवरिया के लिए चला। चालक अभी नगर पंचायत कार्यालय गेट के समीप पहुंचा था कि बस अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे फल की दुकान और पान की गुमटी को तोड़ते हुए दो लोगों को टक्कर मार दी। इसमें फल विक्रेता रावतपार अमेठिया गांव निवासी देवेन्द्र गुप्ता (50) और लार नगर के फत्तेनगर वार्ड के युसूफ रोड निवासी इरफान अहमद (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। इरफान अहमद की मौके पर मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल देवेन्द्र गुप्ता को डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं बरडीहा निवासी सुदामा की पान की गुमटी भी बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई। संयोग ठीक था कि उस समय सुदामा दुकान में नहीं थे। अनियंत्रित बस टकराने से वहां मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। लोगों की माने तो बस चालक शराब के नशे में था। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ की। सिपाहियों के साथ पहुंचे चौकी इंचार्ज सुदेश विश्वकर्मा ने नाराज लोगों को शांत कराया और बस को कब्जे में ले लिया। इस बाबत एसओ विकास यादव ने बताया कि लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।