सलेमपुर। पेट्रोल पंप मैनेजर से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का खुलासा तीन दिन बाद भी नहीं हो सका। पुलिस जेल से फरार चल रहे एक बाहरी बदमाश को टारगेट पर रखकर घटना के तह में जाने की कोशिश कर रही है। लेकिन अभी तक पुलिस को कोई भी ऐसी सटीक जानकारी नहीं मिली है, जिससे वह बदमाश तक पहुंच सके। संदेह पर पुलिस की संयुक्त टीम ने रात को संभावित स्थानों पर छापामारी की। लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
लार थानाक्षेत्र के बरडीहा दलपत गांव निवासी उदय शंकर सिंह नगर के हरैया वार्ड तीन में रहते है और चंद्रा इंटर प्राइजेज पेट्रोल पंप पर मैनेजर का काम करते है। तीन दिन पूर्व वह पेट्रोल पंप से 4.99 लाख रुपये लेकर एसबीआई बैंक में जमा करने बाइक से जा रहे थे। अभी वह ओवरब्रिज पर पहुंचे थे कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर मैनेजर से रकम लूट लिए। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से पुलिस महकमा चकरा गया।
घटना के खुलासा के लिए एसपी मोहम्मद इमरान ने खुखुंदू, लार, मईल, सलेमपुर कोतवाली के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया है। लेकिन अभी तक पुलिस बदमाश तक नहीं पहुंच सकी है। सूत्रों की माने तो आजमगढ़ जेल से फरार अपराधी रामाश्रय यादव पुलिस के निशाने पर है। पुलिस इसे सरगर्मी से तलाश रही है। पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली में बैठाया है और दो बदमाशों का स्क्रेच जारी किया है।