देवरिया खास स्थित हाथीकुंड पोखरे के राधाकृष्ण मंदिर में चोरी हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। मंदिर का फाटक तोड़कर चोर राधाकृष्ण की मूर्तियों से चांदी का मुकुट और दुर्गाजी की मूर्ति से सोने के जेवरात चुरा ले गए। घटना गुरुवार की रात देवरिया खास हाथीकुंड के समीप पोखरे की है। सूचना के बाद सीओ फोर्स के साथ पहुंचे और मामले की जांच की। पुुजारी ने करीब तीन लाख रुपये से अधिक चोरी होने की बात कहीं।
देवरिया खास मोहल्ले के हाथीकुंड पोखरे के बगल में राधाकृष्ण का मंदिर है। स्थानीय लोगों की मदद से मंदिर का निर्माण कराया गया है। बैतालपुर, सझवा निवासी परमहंस दास मंदिर पर पूजापाठ का काम करते हैं।
गुरुवार की रात वह मंदिर के मुख्य गेट पर ताला बंद कर बाहर सो रहे थे। रात को जब बरसात शुरू हुई तो वह के कमरे में सोने चले गए। रात में किसी समय चोर लकड़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए।
उन्होंने राधाकृष्ण की मूर्तियों पर रखे गए दोनों चांदी के मुकुट और दुर्गा जी की मूर्ति को पहनाया गया सोने के जेवरात चुरा लिए। करीब छह माह से बंद दान पेटिका भी चोर लेकर चलते बने। सुबह तीन बजे के करीब पुजारी परमहंस की नींद खुली तो दरवाजा टूटा देखकर दंग रह गए।
उन्होंने मुकुट, जेवरात और दान पेटिका चोरी होने की बात कमेटी के अध्यक्ष महेश यादव को बताई। सूचना मिलते ही मोहल्ले के कई लोग मौके पर पहुंचे गए। मंदिर में चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई। सीओ सुशील सिंह, उप निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और मामले की जांच की। मंदिर के प्रबंधक समिति ने चोरी की सूचना कोतवाली में दी।