चोरी के आरोप में गिरफ्तार महिला लॉकअप से फरार हो गई। घटना सोमवार की सुबह महिला थाने में हुई। तीन दिन पहले ही महिला को थाने के लॉकअप में रखा गया था। बंदी के लॉकअप से फरार होने पर हड़कंप मच गया। लापरवाही उजागर होने के बाद भी इस मामले को लेकर पुलिस लीपापोती करने में जुटी रही। इस मामले को लोकर एओ रामपुर कारखाना देवेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि संदेह के आधार पर महिला पकड़ी गई थी। उसके पास से सोने की चेन बरामद की गई थी। वहीं महिला थानाध्यक्ष मंजू सिंह का कहना है कि महिला को हिरासत में लिया गया था। लेकिन उसके पास से कोई सामान बरामद नहीं हुआ। महिला थाने से किसी महिला के फरार होने की खबर भी गलत है। वैसे यह मामला रामपुर कारखाना का है। शनिवार को रामपुर कारखाना के रामपुर हिरामन कर्बला में मेला देखने गईं दो महिलाओं से चेन स्नेचिंग हो गई थी। संदेह के आधार पर भीड़ ने एक महिला को पकड़ लिया। पीड़ित उषा और शीला देवी ने रामपुर कारखाने में तहरीर दी। आरोपी महिला को पूछताछ के लिए महिला थाने ले जाया गया। सूत्रों के अनुसार जांच में महिला के पास से चालीस ग्राम की सोने की चेन बरामद हुई। चेन स्नेचिंग की पुष्टि होने पर रामपुर कारखाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया। महिला की पहचान मईल के गढौली निवासी फूलमती के रूप में हुई। आरोपी महिला को महिला थाने के लॉकअप में रखा गया था। सोमवार की सुबह पांच बजे के करीब फूलमती पुलिस को चकमा देकर लॉकअप से फरार हो गई।