आईटीबीपी के सिपाही को गोली मारकर बाइक लूटने वाले बदमाशों के करीब पहुंचने का दावा मईल पुलिस भले ही कर रही है लेकिन पुलिस घायल सिपाही के दो तरफा बयान में उलझ गई है। वहीं परिवार के अन्य सदस्य कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं। पुलिस की मानें तो वारदात को अंजाम देने वाले सिपाही के करीबी हैं, जिसे वह बताना नहीं चाहता है।लार थाना क्षेत्र के धकपुरा गांव निवासी प्रमोद गोड़ (20) आईटीबीपी में सिपाही पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार को बदमाशों ने मईल थाना क्षेत्र के महुआबारी के समीप दिनदहाड़े गोली मारकर उनकी बाइक लूट ली। पुलिस इस मामले में दो अज्ञात बदमाशों पर लूट और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई। घटना के दिन सलेमपुर सीएचसी में घायल सिपाही ने बताया कि कुंडौली गांव के समीप बाइक पर सवार हेलमेट लगाए दो युवकों ने पीछा करना शुरू किया और महुआबारी के समीप ओवरटेक कर गोली मार दी। सिपाही का यह बयान सलेमपुर इंस्पेक्टर ने अपने मोबाइल में रिकार्ड किया। वहीं रविवार को मईल एसओ से अस्पताल में भर्ती घायल सिपाही ने बताया कि इशारू गांव के समीप हेलमेट लगाए दो युवकों ने मुझे रोका और महुआबारी स्कूल तक चलने की बात कहते हुए मेरी बाइक पर बैठ गए। उन लोगों को उतारने के लिए महुआबारी के समीप बाइक रोका तो हेलमेट लगाए बदमाश गोली मारकर बाइक लूट ले गए। वहीं परिवार के अन्य सदस्य पुलिस को कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। शादी से पूर्व फोन करने वाले शख्स का नाम भी नहीं बता रहे हैं। सिपाही के बयान मेें उलझी पुलिस का मानना है कि घटना को अंजाम देने वाला सिपाही का कोई करीबी है। जिसे बचाने के चक्कर में सिपाही दो तरह का बयान दे रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।------------