आईटीबीपी के सिपाही को गोली मारकर बाइक लूटने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस ने मऊ जिले के मधुबन बाजार में दबिश दी। लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए और पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। वहीं दो दिन पूर्व पिंडी गांव के भी दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लार थाना क्षेत्र के धकपुरा गांव निवासी प्रमोद गोड़ आईटीबीपी में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। सोलह दिन पूर्व मईल थाना क्षेत्र के महुआबारी गांव के समीप बदमाशों ने गोली मारकर सिपाही की बाइक लूट लिया था। पुलिस इस मामले में अज्ञात बदमाशों पर हत्या के प्रयास व लूट का केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई। शुरूआती दौर में पुलिस ने सिपाही की पत्नी से जोड़कर मामले के तह में जाने की कोशिश करने लगी। इसमें भी सर्विलांस सें मिले लोकेशन के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अस्पताल से घर आने के बाद सिपाही ने बयान दिया कि लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारी थी। इसके बाद पुलिस लुटेरों की तलाश करने में जुट गई। पुलिस ने लार के पिंडी गांव से दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और कुछ देर रखने के बाद छोड़ दिया। पुलिस का दावा है कि सिपाही ने बदमाशों का जो हुलिया बताया है। उस हुलिए के दो बदमाश मऊ जिले के मधुबन बाजार के रहने वाले हैं और कुछ माह पूर्व जेल से बाहर आए हैं। इस बाबत मईल एसओ जेपी सिंह यादव ने बताया कि मधुबन के बदमाशों का लूट में हाथ होने का सुराग मिला है। बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।