बहन की जगह परीक्षा दे रही छात्रा पकड़ी गई।
- फोटो : demo pic
देवरिया में इंटर गणित विषय के प्रश्न पत्र में महज एक छात्रा नकल करते पकड़ी गई। वह अपनी बहन की जगह परीक्षा दे रही थी। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक को कार्रवाई का निर्देश दिया है। गृह विज्ञान में भी एक छात्रा नकल करते मिली। इस दौरान1085 छात्र अनुपस्थित रहे।
यूपी बोर्ड की इंटर की परीक्षा में गुरुवार को द्वितीय पाली में गणित प्रथम प्रश्न पत्र का पेपर था। डीआईओएस देवेेंद्र कुमार सिंह ने सचल दल प्रभारियों को नकलचियों को पकड़ने का निर्देश दिया। हालांकि एक भी नकलची पकड़ने में कामयाब नहीं हो सके। इससे सचल दल प्रभारियों की कार्यशैली पर लोगों ने सवाल खड़ा किया है। उनका कहना है कि आसान विषयों में अधिक नकलची पकड़े गए हैं जबकि गणित विषय में नकलचियों का पकड़ में न आना समझ से परे है। डीआईओएस देवेंद्र कुमार सिंह ने भगवान परशुराम धाम इंटर कॉलेज सोहनाग में अपनी बहन की जगह परीक्षा देते एक लड़की को पकड़ लिया। उधर, सचल दल प्रभारी पीके शर्मा की टीम सुबह की पाली में भटनी सल्लहपुर स्थित रामधारी द्विवेदी इंटर कॉलेज में पहुंची। यहां पर गृह विज्ञान की द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में एक छात्रा नकल करते पकड़ा। गृह विज्ञान की परीक्षा में 6170 परीक्षार्थी नामांकित थें। इसमें 5085 ने परीक्षा दी ।