इसी झाड़ी में खून से लथपथ मिली थी मासूम बच्ची
मझौलीराज नगर का एक युवक हैवानियत की हदें पार कर गया। सोमवार की रात ननिहाल में आई डेढ़ साल की बच्ची के साथ झाड़ी में ले जाकर रेप किया। तीन घंटे तलाश के बाद झाड़ी में बच्ची खून से लथपथ मिली। गुस्साए लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बाद नशे में धुत युवक की जमकर पिटाई की । पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित बच्ची का इलाज जिला अस्पताल में हुआ। एसपी देवरिया प्रभाकर चौधरी मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूरे मामले को जाना।
खुखुन्दू थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला अपने डेढ़ साल की बच्ची के साथ मझौलीराज नगर अपने मायके आई थी। सोमवार की रात करीब आठ बजे बच्ची को उसकी नानी गोद में लेकर बैठी थी। उसी वक्त पड़ोस का एक 23 वर्षीय युवक नशे की हाालत में पहुंचा और बच्ची को गोद में लेकर काफी देर तक पुचकारता रहा।
घुमाने के बहाने युवक उसे लेकर घर के पीछे झाड़ी की ओर चला गया और उसके साथ रेप किया। बेहोश हो जाने पर बच्ची को झाड़ी में छोड़कर उसी के दरवाजे पर आकर बैठ गया। कुछ देर बाद घर वालों ने तलाश शुरू की। रात करीब 11 बजे झाड़ी के पास से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। घर वाले खून से लथपथ बच्ची की हालत देखकर दंग रह गए और नानी के बताने पर युवक को पकड़ लिया।
गुस्साएं लोगों ने नशे में चूर युवक की धुनाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के साथ घर वाले बच्ची को लेकर सीएचसी पर पहुंचे। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चला। एसपी प्रभाकर चौधरी और सीओ राघवेंद्र सिंह चौहान ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिला अस्पताल में पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया। इस बाबत इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने बताया कि पीड़ित इस मामले में बच्ची के नाना की तहरीर पर आरोपी अंगद गोंड पर रेप और पास्को एक्ट का केस दर्ज कर लिया गया है।