फोटो के वायरल होने से पुलिस महकमें में खलबली।
- फोटो : नीलांबुज
मेहरौना। लार थानाक्षेत्र के महरौना पुलिस चौकी पर वसूली की फोटो वायरल हुई है। चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के इशारे पर एक प्राइवेट व्यक्ति ट्रकों से वसूली कर रहा है। फोटो के वायरल होने से पुलिस महकमें में खलबली मच गई। चौकी के सिपाहियों द्वारा अवैध वसूली की शिकायत पहले भी थी लेकिन सीओ सलेमपुर ने इससे इंकार किया था।
मेहरौना चौकी पर वसूली की शिकायत पर तत्कालीन एसपी प्रभाकर चौधरी ने बड़ी कार्रवाई की थी। चौकी प्रभारी को सस्पेंड किया, लार एसओ सहित बारह पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया था। एसपी की पड़ताल में खुलासा हुआ था कि मेहरौना चौकी से करीब पचास हजार रुपये की वसूली प्रतिदिन होती है। पुलिस की इस काली कमाई में कई सफेदपोश भी हिस्सेदार थे।
एसपी की कार्रवाई के बाद चौकी से वसूली बंद हो गई थी। बताते हैं कि चौधरी के जाते ही चौकी पर वसूली की शिकायत फिर शुरू हो गई। दो दिन पहले सिपाहियों ने एक ट्रक चालक को पीट दिया था। मामले की जांच कर रहे सीओ सलेमपुर अजय राय ने पुलिसकर्मियों को क्लीनचीट देते हुए वसूली की जगह आपसी विवाद को कारण बताया। शुक्रवार को डीसीएम से एक युवक द्वारा रुपये लिए लेने की फोटो वायरल होते ही महकमे में खलबली मच गई है।