आग में जलकर राख हुई मजदूर की झोपड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
घांटी बाजार। भोजन बनाते समय चूल्हे की चिंगारी से झोपड़ी में आग पकड़ लिया। आग में घिरी किशोरी की जलकर मौत हो गई। गांववालों के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित परिवार से मिलकर तहसीलदार ने सरकारी योजना के तहत मदद का आश्वासन दिया। भटनी थानाक्षेत्र के मदनचक गांव निवासी लक्ष्मण चौहान की 13 वर्षीय बेटी बब्बी सोमवार की शाम करीब छह बजे भोजन बना रही थी।
चूल्हे से अचानक निकली चिंगारी से झोपड़ी में आग पकड़ लिया। किशोरी अभी कुछ समझ पाती कि आग चारों तरफ फैल गया और वह घिर गई। चीख-पुकार सुनकर गांववाले बचाने का प्रयास किए। लेकिन सफलता नहीं मिली और आग में जलकर मौत हो गई। मौके पर पुलिस और तहसीलदार पहुंचे। पीड़ित परिवार से मिले तहसीलदार ने ढांढस बढ़ाया और आपदा राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया।
गौरतलब है कि लक्ष्मण चौहान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। बब्बी इकलौती बड़ी बेटी थी। इसके बाद दो बेटे रोशन और दीपू हैं। मां लाली देवी के सामने बेटी बब्बी आग में जल मरी। चाह कर भी मां बेटी को नहीं बचा सकी। इसके मौत से लाली बदहवाश हो गई है। वहीं छोटे भाइयों के चेहरे पर बहन की मौत का गम साफ झलक रहा है। गांववालों की मानें तो बब्बी मां का काफी ख्याल रखती थी और घर के कार्यों में हाथ बंटाती थी।