पति पत्नी के बीच विवाद को शांत कराने पहुंची गुठनी पुलिस को गांव वालों ने रात के अंधेरे में दौड़ा दौड़ाकर पीटा। इसमें एसआई और एएसआई समेत होमगार्ड के दो जवान घायल हो गए। भाग रहे पुलिसकर्मियों पर लोगों ने ईट पत्थर भी चलाए। इसमें एक होमगार्ड जवान का सिर फट गया। लोगों के घरों में छिपकर किसी तरह पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंचे एसओ ने घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस की पिटाई से घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल सीवान में चल रहा है।सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के सोनहुला गांव निवासी बलिन्द्र गोड़ और इनकी पत्नी अनिता के बीच किसी बात को लेकर सोमवार की रात मारपीट हो गई। इसकी सूचना अनिता ने गुठनी पुलिस को दी। रात करीब आठ बजे गुठनी थाने में तैनात एसआई राजेन्द्र पंडित, एएसआई रामाअधार सिंह, होमगार्ड जवान विजय चौधरी और शिवलाल प्रसाद सरकारी जीप से पहुंचे। इसमें एसआई सादे कपड़ों में थे। पुलिस के सामने अनिता रो-रो कर पति बलिन्द्र पर पीटने का आरोप मढ़ने लगी। इस पर पुलिस के जवानों ने बलिन्द्र की पिटाई शुरू कर दी। पुलिस की पिटाई से बलिन्द्र बेहोश हो गए। यह देख गांव वाले उग्र हो गए और पुलिस के जवानों को दौड़ाकर पीटने लगे। भाग रहे पुलिस के जवानों पर गांव वाले पत्थर चलाने लगे। इसमें होमगार्ड जवान विजय चौधरी का सिर फट गया। बवाल की सूचना पर रात करीब 9.30 बजे गुठनी एसओ निर्भय राय अन्य जवानों के साथ गांव में पहुंचे और घरों में छिपे घायल पुलिस वालों को अस्पताल पहुंचाया। बलिन्द्र का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। एसओ निर्भय राय ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।