बाइक सवार दो युवकों के साथ युवती को जाते देख गांववाले नाराज हो गए। बाइक सवार एक युवक को कमरे में बंदकर पिटाई की। युवती ने युवकों पर अगवा करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच में मामला प्रेम प्रसंग का निकला। किसी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है। पुलिस समझौते के लिए प्रयास कर रही है।पुलिस ने बताया कि इलाके की युवती का बगल गांव के एक युवक से संबंध था। बुधवार को युवती ने युवक को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। युवक अपने मित्र के साथ बाइक लेकर युवती के पास पहुंचा। तीनों बाइक से शहर आ रहे थे। युवती बाइक पीछे बैठी थी। इसी लड़की के गांववालों की नजर उसके ऊपर पड़ी। दूसरे की बाइक पर बैठा देख उन्होंने पूछताछ की। लोकलाज के भय से युवती ने अपने अपहरण की जानकारी उन्हें दी। यह सुनकर दोनों युवकों के होश उड़ गए। बाइक लेकर एक युवक मौके से भाग निकला। लेकिन उसका साथी पकड़ा गया। धुनाई करने के बाद युवती के घरवालों को सूचना दी। बाद में उसे बंधक बना लिया गया। गांववाले दूसरे आरोपी को बुलाने की बात कह रहे थे। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। युवती के अपहरण और अपहरणकर्ता के बंधक की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में पुलिस ने पीड़ित युवती से बात की। जांच में सच्चाई आने के बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष को थाने बुलाया और दोनों तरफ से केस दर्ज करने की बात कही। किसी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी।