रेलवे लाइन पर युवक और युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की कोशिशों के बावजूद लाशों की पहचान नहीं हो सकी। मौके पर आस-पास के गांव वालों की भीड़ जुट गई। लोगों ने आनर किलिंग की आशंका जताई है। युवती की लाश को जीआरपी और युवक की लाश को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीवान से गोरखपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के यात्री सुबह करीब छह बजे बनकटा स्टेशन पर पहुंचे। प्लेटफॉर्म के रन थ्रू ट्रैक पर युवती (22) की लाश देखकर यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक को इसकी जानकारी दी। 6:20 बजे स्टेशन पर पहुंची पैसेंजर ट्रेन के चालक ने भी इंगुरी सराय रेलवे ढाले के समीप ट्रैक पर युवक (25) की लाश होने का मेमो दिया। इसकी खबर मिलते ही गांव वालों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची बनकटा पुलिस ने युवक की लाश पहचान कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं, रेलवे स्टेशन पर युवती की लाश तीन घंटे तक पड़ी रही। मौर्य एक्सप्रेस से पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवती पीले रंग की समीज, सलवार पहनी हुई थी। कुछ दूरी पर उसका दुपट्टा और चप्पल पड़ा था। युवक हाफ पैैैंट और टीशर्ट पहने हुए था। उसके हाथ पर पेन से कुछ लिखा हुआ था जो अपठनीय था। लोग इसे आनर किलिंग से जोड़कर देख रहे हैं। लेकिन पुलिस अभी कुछ कहने से बच रही है। युवक और युवती के सिर में पीछे गंभीर चोट थी। बनकटा एसओ अजय कुमार ओझा ने बताया कि लाश पड़ोसी प्रांत बिहार की भी हो सकती है। इसकी पहचान के लिए कोशिश की जा रही है।