मनचलों की अभद्रता से आहत होकर घर छोड़कर पर मजबूर हुईं तीन बहनों में से दो को उपचार के लिए शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अपने साथ अभद्रता होने पर दोनों मानसिक रुप से परेशान थीं। मारपीट के बाद सिर दर्द और अन्य शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। शनिवार को कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक रामधारी मिश्र जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे। पीड़ित बहनों का उन्होंने बयान लिया। घरवाले छेड़खानी का आरोप लगाते हुए फिर से तहरीर दी और कोतवाली पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घरवालों ने आईजी से शिकायत की बात कहीं है।शहर की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया था कि पांच जनवरी को बच्चों के बीच खेलने को लेकर विवाद हो गया। इस बात से नाराज मोहल्ले के कुछ लोगों ने शाम को उनके घर में घुस गए। विरोध करने पर घर में मौजूद तीन लड़कियों के साथ मारपीट की। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। मामूली कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया। पुलिस में शिकायत किए जाने से नाराज आरोपी फिर महिला के घर पहुंचे और लड़कियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक ने भी मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इधर, आरोपियों की अभद्रता बढ़ती गई। इस बात से आहत बहनों ने मां के साथ घर छोड़ लिया। मामले की जानकारी होने के बाद भी कोतवाली पुलिस ने कोई सुध नहीं ली। अपने साथ हुए दुर्व्यवहार से दो बहनों सदमे में आ गईं और उनकी तबियत खराब हो गई। पीड़िता की मां ने आरोपियों पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इंस्पेक्टर गोपाल त्रिपाठी ने बताया कि जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जाकर दोनों लड़कियों का बयान लिया गया है। घर वालों ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए फिर से तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही उचित कार्रवाई की जाएगी।