डबल मर्डर के आरोपी भाकपा माले नेता पूर्व विधायक सत्यदेव राम और अमरजीत कुशवाहा को पुलिस ने सीवान कलेक्ट्रेट में पर्चा दाखिल करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी दरौली तो दूसरा जीरादेई विधानसभा क्षेत्र से भाकपा माले पार्टी से चुनाव लड़ रहा है। इनकी गिरफ्तारी से नाराज समर्थकों ने कलेक्ट्रेट के बाहर हंगामा व नारेबाजी की। अब दोनों उम्मीदवार जेल से ही चुनाव लड़ेंगे।बिहार प्रांत के सीवान जिला के गुठनी थाना क्षेत्र के चिलमरवा गांव में वर्ष 2013 में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ था। इस खूनी संघर्ष में बेलउड़ गांव के मुखिया अमर सिंह का बेटा राजू सिंह और सोहगरा गांव निवासी जदयू नेता राकेश सिंह का भाई उमेश सिंह की हत्या हो गई थी। इसके अलावा पचास से अधिक लोग घायल भी हुए थे। इस बहुचर्चित डबल मर्डर कांड में सीवान जिले के दरौली विधानसभा क्षेत्र (107) से पूर्व विधायक सत्यदेव राम और जीरादेई विधानसभा क्षेत्र (106) से भकपा माले पार्टी से चुनाव लड़ रहे अमरजीत कुशवाहा भी हत्यारोपी है। घटना के बाद से दोनों दबंग नेता फरार चल रहे थे। विधानसभा चुनाव के लिए सीवान कलेक्ट्रेट में अपना पर्चा दाखिल करने के बाद बाहर निकल रहे दोनों नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी चुनाव आयोग के निर्देश पर पुलिस ने की है। गिरफ्तारी की जानकारी होते ही बाहर मौजूद समर्थक पुलिस के विरोध में नारेबाजी करने लगे और हंगामा भी किया। इस बाबत सीवान एसपी सौरभ कुमार शाह ने बताया कि यह गिरफ्तारी निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हुई है। दोनों नेता पूर्व में हुए एक डबल मर्डर कांड में फरार चल रहे थे।