मैरवा में लोहा व्यवसायी को गोली लगने के बाद दुकान के बाहर जुटी भीड़
सिवान जिले के मैैरवा में लोहा व्यवसायी को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने मंगलवार को गोली मार दी। इस दौरान दुकान में मौजूद व्यवसायी का भाई और अन्य वर्कर बाल-बाल बच गए। खून से लथपथ घायल व्यवसायी को लोगों ने सिवान जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने उन्हें रेफर कर दिया। दिनदहाड़े गोली चलने से मैरवा बाजार में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंचे एएसपी ने घटना की जानकारी ली।
सिवान, मैरवा के बीचली बाजार निवासी चर्चित लोहा व्यवसायी दिनेश जायसवाल का बेटा पवन जायसवाल 24 मैरवा बाजार के एसबीआई बैंक के सामने अपनी दुकान पर बैठा था। उसका छोटा भाई और अन्य वर्कर ग्राहकों को सामान दे रहे थे। दोपहर करीब 12.30 बजे एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। दुकान के सामने बाइक रुकते ही पवन के उपर गोली चलाने लगे। बदमाशों ने तीन गोलियां चलाई। इसमें एक गोली पवन के पेट में लगी है जबकि दुकान में मौजूद अन्य लोग बच गए।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश गुठनी की तरफ असलहा लहराते हुए फरार हो गए। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। घरवाले उसे इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज लेकर रवाना हो गए। बाजार में अचानक गोली चलने से फैली दहशत के चलते अधिकांश दुकानें बंद हो गईं। सिवान एएसपी अरविन्द गुप्ता मायफोर्स के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस बाबत मैरवा एसओ मनोज कुमार ने बताया कि बाजार में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गोली चलने का कारण मालूम नहीं हो पा रहा है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।