भैसहां गांव में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने चार पहिया वाहन के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान होमगार्ड सहित चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। खुखुंदू थानाक्षेत्र के भैसहा निवासी गुलाब सिंह ईंट भट्ठा मालिक हैं। बुधवार की रात उनका परिवार दरवाजे पर बैठा था। उनका आरोप है कि इसी बीच गांव के कुछ लोग उनके बेटे मुन्ना सिंह को खोजते हुए पहुंचे और मारपीट की। वहीं पुलिस का कहना है कि चुनाव प्रचार को लेकर गांव के दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। मारपीट के दौरान एक पक्ष से गुलाब सिंह, दीपचंद सिंह, मुन्ना घायल हो गए। दूसरी तरफ से पूर्व प्रधान के पति सुनील सिंह, होमगार्ड धर्मदेव और ब्रम्हदेव घायल हो गए। दोनों तरफ से लाठियां चली। दरवाजे पर खड़े गुलाब सिंह के चार पहिया वाहन को लोगों ने छतिग्रस्त कर दिया। गुलाब सिंह ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रुम को दी। गुलाब सिंह मारपीट की वजह पुरानी रंजिश बता रहे हैं। जबकि एसओ खुखुंदू अंशुमान का कहना है कि चुनावी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। मारपीट के दौरान दोनों तरफ से चार लोगों के घायल हुए हैं। मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। कुछ लोगों का शांतिभंग में चालान भी किया गया है। होमगार्ड का जवान मारपीट की घटना में कैसे शामिल हुआ, इसकी जांच की जा रही है।