बैंक पर ग्राहकों की लगी लंबी लाइन।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। अब फटे नोट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। ग्राहकों का कहना है कि यह नोट बेहद खस्ता है, जबकि ब्रांच मैनेजर का दावा है कि करेंसी चेस्ट से जो रुपये मिल रहे हैं उसे ग्राहकों के बीच बांटा जा रहा है। मनी एक्सचेंज के लिए बैंक शाखाओं की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है।
500-1000 नोट पर प्रतिबंध के बाद शहर से लेकर देहात के लोग बेहाल है। इसके चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। देहात इलाके देसही देवरिया, तरकुलवा, पथरदेवा, बैतालपुर, गौरीबाजार, बलटिकरा आदि जगहों की बैंक शाखाओं में कतार में लोगों की संख्या कम नहीं हो रही है। जबकि शहर के बैंक शाखाओं के काउंटर पर लोगों की भीड़ कम हुई है।
मनी एक्सचेंज करने के लिए बैंक शाखाओं ने अपना नियम बना लिया है। इसके चलते सैकड़ों लोग बैंक शाखाओं से वापस लौट रहे हैं। बैंक सूत्रों ने बताया कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से प्रचलन से बाहर हुए नोटों को दुबारा भेजा जा रहा है। इस नोट की हालत देखकर गुरुवार को कई लोगों ने रुपये लेने से इनकार कर दिया है। मालवीय रोड स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में दोपहर एक बजे मामला बिगड़ गया। काउंटर पर तैनात क्लर्क ने 100 रुपये की गड्डी दे दी। इसमें अधिकांश नोट खराब प्रतीत हो रहे थे।
ग्राहक ने मुख्य प्रबंधक से नाराजगी जताई। कुछ देर बाद तीखी बहस शुरू हो गई। जानकारी मिलते ही ग्राउंड फ्लोर पर काम कर रहा एक कर्मचारी सिक्युरिटी गार्ड के साथ पहुंचा। हस्तक्षेप करने की कोशिश की। इस पर भीड़ उससे सवाल जवाब करने लगी। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए कर्मचारी ने किनारे हटने में भलाई समझी। शहर के एसबीआई, इंडियन बैंक, केनरा बैंक, एचडीएफसी आदि बैंक शाखाओं में चैनल बंद होने तक भीड़ उमड़ी रही। रामपुर कारखाना के पूर्वांचल बैंक में रुपये नहीं वितरित हुए। इसके चलते लोग वापस लौट गए।