शोर मचाने पर चोर अंधेरे में भाग निकले।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर/पकड़ी बाजार। फत्तेपुर गांव के चौराहे पर शुक्रवार रात दो दुकानों का ताला तोड़ कर चोरों ने नकदी समेत 50 हजार रुपये का सामान उठा ले गए। तीसरी दुकान का ताला तोड़ने के दौरान लोगों की नींद खुल गई। लोगों के शोर मचाने पर चोर अंधेरे में भाग निकले। फत्तेपुर गांव के सुग्रीव कुशवाहा गांव के चौराहा पर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं।
यहां भटनी थाना के मजूरी गांव निवासी अशोक पाल दवा की दुकान है। शुक्रवार शाम दुकान बंद कर लोग घर चले गए। रात करीब एक बजे चोर शटर का ताला तोड़ कर मोबाइल और दवा की दुकान में घुस गए। चोरों ने चोरी करने के बाद तीसरे दुकान के शटर का ताला तोड़ना शुरू किया। खटपट की आवाज सुनकर चौराहे के लोगों की नींद खुल गई। लोगों ने चोर आने पर शोर मचाना शुरू किया।
चोर खेत की ओर भाग निकले। लोगों ने 100 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। दुकानदारों के अनुसार चोरों ने नकदी, मोबाइल रिचार्ज कूपन समेत करीब पचास हजार रुपये की चोरी की है। पीड़ित दुकानदारों ने रुद्रपुर कोतवाली में तहरीर देकर घटना के पर्दाफाश की मांग की।