किशोरी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में एसपी के आदेश के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर आरोपियों तलाश तेज कर दी है। बताते चलें कि इस मामले में अब तक पुलिस पर मामले को गंभीरता से न लेने के आरोप लग रहे थे। मईल थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 साल की किशोरी 12 दिसंबर से लापता है। परिवारवालों ने एक युवक पर उसे बहला फुसलाकर भगा ले जाने का शक जाहिर किया। इस मामले में कई लोगों के शामिल होने का पता चला। परिवारवालों का आरोप है कि युवक के बहकावे में आकर किशोरी 45 हजार रुपये लेकर चली गई। किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। लेकिन पुलिस दौड़ाती रही और कोई कार्रवाई नहीं की। महिला का आरोप है कि पुलिस दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही थी। मजबूरन महिला ने एसपी से गुहार लगाई। महिला ने एसपी को बताया कि उसकी बेटी को बहला फुसलाकर भगाने में पूर्व प्रधान समेत दो महिलाओं का भी हाथ है। एसपी पंकज कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ को तत्काल केस दर्ज कर किशोरी को बरामद करने का निर्देश दिया। मईल एसओ जेपी सिंह यादव ने पीड़ित महिला की तहरीर पर अड़िला गांव के पूर्व प्रधान जीतेन्द्र, दुर्गावती देवी, निर्मला देवी और युवक अर्जुन कुमार पर बहला फुसलाकर भगाने और हरिजन उत्पीड़न का केस दर्ज किया है।