देवरिया। भुगतान की बात को लेकर शनिवार को पूर्व विधायक और बिजली विभाग के एक्सईएन के बीच विवाद हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। पूर्व विधायक भुगतान के लिए घूस मांगने का आरोप लगा रहे हैं तो एक्सईएन जबरन हस्ताक्षर कराने की बात कह रहे हैं। रुद्रपुर के पूर्व विधायक सुरेश तिवारी की फर्म बिजली विभाग में ठेकेदारी करती है।
फर्म ने चार करोड़ रुपये का कार्य कराया है, लेकिन इसका भुगतान नहीं हुआ है। पूर्व विधायक का आरोप है कि शुक्रवार को उनका एक व्यक्ति एक्सईएन के पास पहुंचा था तो उन्होंने भगा दिया था। शनिवार को वह खुद पहुंच गए। उन्होंने भुगतान करने की बात कही। इस पर एक्सईएन ने मना कर दिया। इस पर विवाद हो गया।
एक्सईएन ने तत्काल एसपी मोहम्मद इमरान को फोन से मामले की जानकारी दे दी। एसपी के निर्देश पर कोतवाल अनिल पांडेय मय फोर्स पहुंचे। पूर्व विधायक सुरेश तिवारी का कहना है एक्सईएन और कार्यालय के लोग भुगतान के लिए छह फीसदी रकम घूस के रूप में मांग रहे हैं। चार करोड़ रुपये के भुगतान के हिसाब से यह बड़ी धनराशि है।
इतना रुपये कहां से दिया जाएगा। जबकि एक्सईएन सुबोध कुमार का कहना है कि वह नए आए हैं। पूर्व विधायक भुगतान के लिए दबाव बना रहे हैं। जब तक वह कार्यों का भौतिक सत्यापन नहीं करा लेंगे तब तक भुगतान कैसे देंगे। फिलहाल शहर कोतवाल अनिल पांडेय ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया।