घरवालों का रो रोकर बुरा हाल था।
- फोटो : अमर उजाला
भटनी। घर से गायब कबाड़ी की लाश चार दिन बाद एक गांव के बागीचे में मिलने से सनसनी फैल गई। उसके कान से खून निकल रहा था और चेहरा काला हो गया था। घर वालों ने हत्या की आशंका जताया है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। थानाक्षेत्र के पोखरापार गांव निवासी ओमप्रकाश गुप्ता गांव में घूमकर कबाड़ खरीदने का काम करते थे।
रोज की तरह गुरुवार को वह घर से निकले लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा तो घर वाले परेशान हो गए। शुक्रवार को घरवालों ने पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराया था। रविवार की रात करीब नौ बजे खिरिया गांव के बाहर बागीचे में ओमप्रकाश की लाश मिली। इसकी जानकारी होते ही गांववालों की भीड़ जुट गई। घरवाले लाश को लेकर चले आए। कबाड़ी के शरीर के कई हिस्सों पर खरोच के निशान थे।
सोमवार को सुबह कबाड़ी के घर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में ले लिया। घरवालों ने अपने एक रिश्तेदार का नाम लेते हुए कबाड़ी की हत्या कर लाश फेंकने का आरोप लगाया है। कबाड़ी घर का अकेला कमाऊ सदस्य था। इसके मौत के बाद इसकी पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बाबत प्रभारी एसओ राजेश कुमार ने बताया कि लाश को पीएम के लिए भेजा गया है।